श्री श्याम परिवार सोलन द्वारा आयोजित 5वें वार्षिक संकीर्तन महोत्सव एवं विशाल निशान यात्रा की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। आयोजन को लेकर शुक्रवार को आयोजित प्रेस वार्ता में संस्था के अध्यक्ष त्रिलोक अग्रवाल ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि यह आयोजन भक्ति, सेवा, प्रेम और मानवता का संदेश देने वाला एक भव्य धार्मिक उत्सव होगा।
उन्होंने बताया कि विशाल निशान यात्रा सलोनी मंदिर से प्रारंभ होकर गुरुद्वारा चौक तक निकाली जाएगी। यात्रा में हजारों श्रद्धालु भाग लेंगे और बड़ी संख्या में निशान उपलब्ध कराए जाएंगे। श्रद्धालु इन निशानों को अपने घर ले जाकर स्थापित कर सकेंगे, जिसे बाबा श्याम के आशीर्वाद का प्रतीक माना जाता है।
त्रिलोक अग्रवाल ने बताया कि 21 जून को सोलन की सब्जी मंडी (बाईपास) में भव्य संकीर्तन का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस बार आयोजन स्थल को पुराने बस अड्डे से बदलकर सब्जी मंडी बाईपास किया गया है, ताकि शहर की यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो और लोगों को जाम जैसी समस्याओं का सामना न करना पड़े।
संकीर्तन में राजस्थान की प्रसिद्ध भजन गायिका रजनी राजस्थानी और कैथल के सुप्रसिद्ध भजन गायक बहादुर सैनी अपने भजनों से श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर करेंगे। वहीं रामलोक मंदिर वाले श्री अमरदेव जी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम के उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन भी किया जाएगा।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सपरून गुरुद्वारा, पुराने बस अड्डे और चंबाघाट से विशेष बस सेवा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा सपरून से चंबाघाट तक विशेष आकर्षक लाइटिंग की व्यवस्था भी की गई है। संस्था ने सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।
सोलन : श्री श्याम परिवार का 5वां वार्षिक संकीर्तन महोत्सव 21 जून को, निकलेगी भव्य निशान यात्रा