रोटरी क्लब सोलन द्वारा सोमवार को “Civic Sense Starts With You” थीम पर आधारित जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली में स्कूली बच्चों, रोटेरियंस तथा स्थानीय नागरिकों ने भाग लेकर लोगों को स्वच्छ, सुरक्षित और सुंदर सोलन के निर्माण का संदेश दिया। रैली के माध्यम से नागरिक बोध (सिविक सेंस) को बढ़ावा देने और लोगों को अपनी सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सोलन साईं दत्तात्रेय वर्मा ने कहा कि सिविक सेंस किसी भी अनुशासित और विकसित समाज की पहचान है। उन्होंने कहा कि देश की जनसंख्या लगातार बढ़ रही है जबकि संसाधन सीमित होते जा रहे हैं, ऐसे में प्रत्येक नागरिक का जिम्मेदार व्यवहार अत्यंत आवश्यक हो जाता है। उन्होंने कहा कि यदि लोग नियमों और जिम्मेदारियों को समझकर उनका पालन करें तो इससे प्रशासन को भी व्यवस्था बनाए रखने में काफी सहायता मिलती है।
एसपी ने कहा कि बच्चों को बचपन से ही सिविक सेंस की शिक्षा दी जानी चाहिए ताकि वे भविष्य में जिम्मेदार और जागरूक नागरिक बन सकें। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी सोशल मीडिया और आधुनिक माध्यमों के जरिए नियमों और सामाजिक मूल्यों के प्रति अधिक जागरूक हो रही है, जिसे सही दिशा देने की आवश्यकता है।
रैली के दौरान बच्चों और रोटेरियंस ने “Let’s Build A Better Community Together” तथा “A Clean, Safe & Beautiful Community is Everyone’s Responsibility” जैसे संदेशों वाले बैनर लेकर शहर में जागरूकता फैलाई। प्रतिभागियों ने सड़क पर कचरा न फेंकने, सार्वजनिक स्थानों पर न थूकने, अनावश्यक हॉर्न का प्रयोग न करने तथा शहर को स्वच्छ रखने संबंधी नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया।
रोटरी क्लब सोलन के पदाधिकारियों ने बताया कि अभियान का उद्देश्य लोगों में नागरिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है, ताकि सामूहिक प्रयासों से सोलन को स्वच्छ, सुरक्षित और सुंदर शहर बनाया जा सके।