हिमाचल प्रदेश के सोलन शहर में इन दिनों बढ़ती गर्मी और मौसम के लगातार बदलते मिजाज का असर स्थानीय व्यापार पर साफ दिखाई दे रहा है। व्यापारियों का कहना है कि भीषण गर्मी के कारण दिन के समय बाजारों में ग्राहकों की संख्या काफी कम हो गई है, जिससे कारोबार प्रभावित हो रहा है।
स्थानीय व्यापारी राजेंद्र कुमार ने बताया कि सुबह 11 से 12 बजे के बाद धूप इतनी तेज हो जाती है कि लोग बाजार आने से बचते हैं। उन्होंने कहा कि दिन के समय बाजारों में सन्नाटा पसरा रहता है और व्यापार में भारी गिरावट दर्ज की गई है। जो ग्राहक बाजार पहुंचते भी हैं, वे केवल आवश्यक सामान खरीदकर तुरंत लौट जाते हैं।
वहीं व्यापारी कल्पना ठाकुर ने बताया कि शाम के समय बाजारों में लोगों की आवाजाही बढ़ जाती है और देर रात तक रौनक बनी रहती है। हालांकि, शाम को आने वाले अधिकांश लोग घूमने-फिरने या मौसम का आनंद लेने के लिए निकलते हैं, जबकि खरीदारी करने वालों की संख्या अपेक्षाकृत कम रहती है। उन्होंने कहा कि इससे बाजारों में भीड़ तो दिखाई देती है, लेकिन व्यापार में अपेक्षित बढ़ोतरी नहीं हो पा रही है।
व्यापारियों के अनुसार मौसम की अनिश्चितता भी कारोबार के लिए चुनौती बनी हुई है। कभी अचानक बारिश शुरू हो जाती है तो कभी तेज धूप निकल आती है, जिससे लोगों की दिनचर्या और बाजार की गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं। उनका कहना है कि वर्तमान परिस्थितियों में सोलन का व्यापार मुख्य रूप से शाम के कुछ घंटों पर निर्भर होकर रह गया है।
व्यापारियों ने उम्मीद जताई है कि मौसम सामान्य होने पर बाजारों में फिर से रौनक लौटेगी और कारोबार को गति मिलेगी।