सोलन : बाईपास पर चार वाहनों की टक्कर, बड़ा हादसा टला; घंटों जाम से यातायात प्रभावित

सोलन बाईपास स्थित फ्लाईओवर के समीप शुक्रवार को चार वाहनों के बीच हुई टक्कर से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हादसे में एक एचआरटीसी बस, एक निजी बस, एक कार और एक डंपर आपस में भिड़ गए। राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में किसी प्रकार का जानी नुकसान नहीं हुआ और सभी वाहन चालक व यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार एचआरटीसी की एक बस सड़क पर सबसे आगे चल रही थी। इसी दौरान बस चालक ने अचानक ब्रेक लगा दी, जिसके चलते पीछे आ रही निजी बस को भी तुरंत वाहन रोकना पड़ा। निजी बस के पीछे चल रही कार भी रुक गई, लेकिन उसके पीछे आ रहा डंपर समय रहते नियंत्रण नहीं कर सका और उसने कार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार आगे जाकर निजी बस से जा भिड़ी, जिससे चारों वाहन दुर्घटना की चपेट में आ गए।
घटना के संबंध में वर्मा ट्रैवल्स के कंडक्टर बंटी ने बताया कि उनकी बस पहले ही रुक चुकी थी। उनके अनुसार पीछे से आ रहे डंपर ने नियंत्रण खो दिया और कार को टक्कर मार दी, जिसके कारण कार उनकी बस से जा टकराई। उन्होंने हादसे के लिए डंपर चालक को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि सड़क पर किसी भी आपात स्थिति में आगे चल रहे वाहनों को ब्रेक लगानी पड़ सकती है, इसलिए पीछे चल रहे वाहन चालकों को सुरक्षित दूरी बनाए रखनी चाहिए।
हादसे में सभी वाहनों को नुकसान पहुंचा है, जबकि सबसे अधिक क्षति कार को हुई है। दुर्घटना के बाद बाईपास पर लंबा जाम लग गया, जिससे यातायात काफी देर तक प्रभावित रहा।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात को सुचारू बनाने के लिए कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने वाहनों को हटाकर जाम खुलवाया तथा दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। मामले में आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *