सोलन: भीषण गर्मी का असर: सोलन मंडी में टमाटर की गुणवत्ता प्रभावित, जल्द बढ़ेगी आवक

सोलन में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी का असर अब फल एवं सब्जी मंडियों में साफ तौर पर दिखाई देने लगा है। तापमान में लगातार हो रही बढ़ोतरी के कारण फसलों की गुणवत्ता और बाजार व्यवस्था दोनों प्रभावित हो रही हैं। सोलन मंडी की शॉप नंबर 15 के व्यापारी विकास ठाकुर ने मंडी में टमाटर और लहसुन की मौजूदा स्थिति को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की है।
विकास ठाकुर ने बताया कि वर्तमान समय में मंडी में टमाटर की आवक काफी कम है और रोजाना केवल कुछ ही क्रेट पहुंच रहे हैं। हालांकि तेज गर्मी के चलते फसल तेजी से पक रही है, जिसके कारण आने वाले 10 दिनों में टमाटर की आवक बढ़कर 100 से 200 क्रेट प्रतिदिन तक पहुंचने की संभावना है। इस समय मंडी में टमाटर मुख्य रूप से लाडुआ और संडोरे क्षेत्रों से आ रहा है।
उन्होंने बताया कि अत्यधिक तापमान के कारण टमाटर अधिक पक रहे हैं और लंबे समय तक टिक नहीं पा रहे हैं, जिससे उनकी गुणवत्ता प्रभावित हो रही है। मंडी में अच्छी गुणवत्ता वाले टमाटर के दाम 300 से 320 रुपये प्रति क्रेट तक चल रहे हैं, जबकि अन्य गुणवत्ता वाले माल की कीमतों में उतार-चढ़ाव बना हुआ है।
दूसरी ओर, लहसुन के बाजार में फिलहाल मंदी का माहौल बना हुआ है। मंडी में लहसुन की कीमतें 40-45 रुपये से लेकर 120-125 रुपये तक बनी हुई हैं। व्यापारियों के अनुसार किसान पहले हल्का और जल्दी खराब होने वाला माल बेच रहे हैं, ताकि बाद में अच्छी गुणवत्ता वाले लहसुन को बेहतर दामों पर बेचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *