कसौली के जंगलों में आग का तांडव: रिहायशी इलाकों पर मंडराया खतरा, वायुसेना के हेलीकॉप्टरों ने संभाला मोर्चा

जिला सोलन के कसौली क्षेत्र में चीड़ के जंगलों में लगी भीषण आग अब भयावह रूप ले चुकी है। आग कसौली शहर के समीप हिलटॉप क्षेत्र तक पहुंच गई है, जिससे रिहायशी इलाकों और संवेदनशील संस्थानों पर खतरा बढ़ गया है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने सेना और वायुसेना की मदद ली है। जिला कमांडेंट संतोष शर्मा ने बताया कि एयरफोर्स के संवेदनशील क्षेत्रों की सुरक्षा के लिए वायुसेना के हेलीकॉप्टर लगातार प्रभावित इलाकों में पानी का छिड़काव कर रहे हैं। मौके पर अग्निशमन विभाग के दो फायर टेंडर, सेना का एक और वायुसेना के तीन फायर टेंडर तैनात किए गए हैं, जो दिन-रात आग बुझाने के अभियान में जुटे हैं।

कमांडेंट संतोष शर्मा ने बताया कि दुर्गम जंगलों और सड़क सुविधा के अभाव के कारण राहत एवं बचाव कार्यों में भारी दिक्कतें आ रही हैं। कई स्थानों तक फायर टेंडर नहीं पहुंच पा रहे, जिसके चलते 11वीं बटालियन के जवान स्थानीय लोगों के साथ मिलकर मैनुअल तरीके से आग पर काबू पाने का प्रयास कर रहे हैं। प्रशासन के अनुसार सीआरआई और क्लब महिंद्रा क्षेत्रों में आग पर नियंत्रण पा लिया गया है, लेकिन नालागढ़, बद्दी और अर्की के कई जंगल अब भी आग की चपेट में हैं। संतोष शर्मा ने लोगों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं और कहीं भी आग लगने की सूचना तुरंत प्रशासन को दें। विभाग फिलहाल नुकसान का आकलन कर रहा है, जबकि जवान लगातार शिफ्टों में तैनात रहकर आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाने की कोशिश में जुटे हुए हैं।

byte  कमांडेंट संतोष शर्मा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *