सोलन दवा विक्रेता संघ ने ऑनलाइन दवाओं की बिक्री और नकली दवाओं के बढ़ते खतरे के खिलाफ कड़ा विरोध जताया है। संघ के अध्यक्ष वीरेंद्र सूद ने बताया कि राष्ट्रव्यापी केमिस्ट एसोसिएशन के आह्वान पर कल सभी मेडिकल शॉप्स बंद रहेंगी। इस दौरान केमिस्ट अपनी मुख्य मांगों को लेकर उपायुक्त महोदय के माध्यम से सरकार को ज्ञापन सौंपेंगे। संघ ने सरकार से कोविड काल में लागू ऑनलाइन सप्लाई से जुड़ी धारा 220 और 817 को हटाने की मांग की है। साथ ही जनता से केवल प्रमाणित केमिस्टों से ही दवा खरीदने की अपील की गई है।
वीरेंद्र सूद ने कहा कि ऑनलाइन दवाओं की बिक्री से छोटे व्यापारियों का रोजगार प्रभावित हो रहा है, वहीं एआई जनरेटेड फर्जी पर्चियों के जरिए दवाओं का गलत इस्तेमाल भी बढ़ रहा है। कई लोग बिना सही सलाह के दवाएं खरीदकर स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। वीरेंद्र सूद ने आरोप लगाया कि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर भारी डिस्काउंट के नाम पर नकली दवाओं का कारोबार फल-फूल रहा है। उन्होंने कहा कि स्थानीय केमिस्ट मरीजों को दवा लेने का सही तरीका बताते हैं और जरूरतमंदों की हर समय मदद करते हैं, जबकि ऑनलाइन व्यवस्था में यह संभव नहीं है।
सोलन: ऑनलाइन दवाओं की बिक्री के खिलाफ केमिस्टों का बड़ा आंदोलन, कल बंद रहेंगी मेडिकल शॉप्स