शहर के वार्ड नंबर 8 स्थित जौणाजी रोड पर चल रहे सड़क चौड़ीकरण कार्य की धीमी गति से स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र निवासी पंकज कुमार दत्ता ने निर्माण कार्य से उत्पन्न समस्याओं को लेकर चिंता जताते हुए प्रशासन से जल्द समाधान की मांग की है।
पंकज कुमार दत्ता ने बताया कि पिछले करीब दो महीनों से सड़क चौड़ीकरण का कार्य जारी है, लेकिन निर्माण कार्य के कारण उड़ने वाली महीन धूल लोगों के स्वास्थ्य पर बुरा असर डाल रही है। उन्होंने कहा कि सड़क से गुजरने वाले वाहनों के साथ धूल के गुबार घरों और दुकानों तक पहुंच रहे हैं, जिससे विशेष रूप से बुजुर्गों और बच्चों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। तेज गर्मी के कारण स्थिति और गंभीर हो गई है। स्थानीय लोग अपने स्तर पर पानी का छिड़काव कर रहे हैं, लेकिन कुछ ही मिनटों में सड़क फिर धूल से भर जाती है।
उन्होंने बताया कि सड़क की ऊंचाई बढ़ने से पार्किंग की समस्या भी बढ़ गई है। पहले जहां लोग आसानी से वाहन पार्क कर लेते थे, वहीं अब ऊंचाई बढ़ने के कारण वाहन निकालना मुश्किल हो गया है और कई बार गाड़ियां फंस जाती हैं।
हालांकि दत्ता ने सड़क चौड़ीकरण को भविष्य के लिए लाभकारी बताते हुए कहा कि इससे बड़ी गाड़ियों और बसों की आवाजाही आसान होगी। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि निर्माण कार्य जल्द पूरा किया जाए, नियमित रूप से पानी का छिड़काव करवाया जाए तथा सड़क को नो पार्किंग जोन घोषित कर अनधिकृत पार्किंग पर रोक लगाई जाए, ताकि यातायात सुचारू बना रहे।
सोलन: जौणाजी रोड निर्माण की धीमी रफ्तार से लोग परेशान, धूल और पार्किंग बनी बड़ी समस्या