सोलन में लगातार बढ़ रही महंगाई और कमर्शियल गैस सिलेंडरों की किल्लत ने स्थानीय व्यापारियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। गैस सिलेंडरों की आसमान छूती कीमतों और समय पर आपूर्ति न होने से छोटे-बड़े कारोबारियों पर आर्थिक दबाव लगातार बढ़ रहा है।
स्थानीय व्यवसायी राजाराम ने बताया कि कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत अब करीब 3500 रुपये तक पहुंच चुकी है, जिससे व्यापार चलाना बेहद कठिन हो गया है। उन्होंने कहा कि छोटे आकार के सिलेंडरों के दाम भी लगातार बढ़ रहे हैं और पांच लीटर वाला सिलेंडर करीब 5000 रुपये तक मिल रहा है।
राजाराम के अनुसार समस्या केवल महंगाई तक सीमित नहीं है, बल्कि बाजार में सिलेंडरों की भारी कमी भी बनी हुई है। उन्होंने कहा कि गैस सिलेंडर समय पर उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं और बुकिंग के बाद भी सिलेंडर मिलने में 25 से 30 दिन तक का इंतजार करना पड़ रहा है। स्थिति इतनी गंभीर हो चुकी है कि कई बार बाजार में सिलेंडर ब्लैक में भी उपलब्ध नहीं हो पाते।
उन्होंने बताया कि उनका कारोबार पूरी तरह गैस सिलेंडरों पर निर्भर है और मौजूदा हालात में काम करना लगभग असंभव होता जा रहा है। बढ़ती लागत और सिलेंडरों की कमी के कारण व्यापारियों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने आशंका जताई कि यदि यही स्थिति बनी रही तो कई व्यापारियों को अपना कारोबार बंद करने के लिए मजबूर होना पड़ सकता है।
व्यापारियों ने सरकार से गैस सिलेंडरों की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने और कीमतों पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है, ताकि कारोबार सुचारू रूप से चल सके और लोगों को राहत मिल सके।
सोलन: कमर्शियल गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों से सोलन के व्यापारी परेशान, कारोबार पर मंडराया संकट