आगामी नगर निगम चुनावों को लेकर कांग्रेस पार्टी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विनय कुमार सोमवार को माल रोड स्थित कांग्रेस कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर चुनावी रणनीति पर चर्चा की।
मीडिया से बातचीत में विनय कुमार ने कहा कि कांग्रेस ने नगर निगम सोलन के सभी 17 वार्डों में मजबूत और योग्य उम्मीदवार मैदान में उतारे हैं। उन्होंने दावा किया कि अब तक का माहौल कांग्रेस के पक्ष में है और पार्टी कार्यकर्ता पूरे उत्साह के साथ चुनाव प्रचार में जुटे हुए हैं।
उन्होंने बताया कि चुनावों को गंभीरता से लेते हुए प्रत्येक वार्ड में वरिष्ठ विधायक और अनुभवी कांग्रेस नेताओं की जिम्मेदारी तय की गई है, जो प्रचार अभियान का नेतृत्व कर रहे हैं। विनय कुमार ने कहा कि वह स्वयं भी विभिन्न वार्डों में जाकर पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार करेंगे और जनता से कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने की अपील करेंगे।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी पिछले पांच वर्षों के दौरान नगर निगम क्षेत्र में हुए विकास कार्यों और उपलब्धियों को लेकर जनता के बीच जा रही है। उन्होंने स्वीकार किया कि यदि कुछ कार्य अधूरे रह गए हैं तो उन्हें वर्तमान सरकार के सहयोग से प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।
घोषणापत्र को लेकर उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी अपना चुनावी मेनिफेस्टो मंगलवार को जारी करेगी। इसमें शहर के विकास, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से शामिल किया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि नगर निगम चुनावों में कांग्रेस को जनता का भरपूर समर्थन मिलेगा।