सोलन: पानी की किल्लत पर भाजपा महिला मोर्चा का मटकी फोड़ प्रदर्शन, कांग्रेस सरकार को घेरा

सोलन नगर निगम क्षेत्र में लगातार बढ़ रही पानी की समस्या और बढ़ते पानी के बिलों को लेकर भाजपा महिला मोर्चा ने शुक्रवार को जोरदार प्रदर्शन किया। महिला मोर्चा कार्यकर्ताओं ने शहर में ‘मटकी फोड़’ प्रदर्शन कर कांग्रेस सरकार और नगर निगम प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर की। प्रदर्शन का नेतृत्व भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष रश्मिधर सूद ने किया।
इस दौरान रश्मिधर सूद ने कांग्रेस सरकार पर चुनावी वादों से मुकरने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि नगर निगम चुनाव के समय कांग्रेस ने जनता को मुफ्त पानी देने का वादा किया था, लेकिन अब लोगों को भारी-भरकम पानी के बिल थमाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पहले पानी का बिल ₹100 करने की बात कही गई थी, लेकिन वर्तमान में आम जनता आर्थिक बोझ झेलने को मजबूर है।
रश्मिधर सूद ने कहा कि भाजपा महिला मोर्चा पिछले पांच वर्षों में कई बार मटकी फोड़कर पानी की समस्या को लेकर विरोध जता चुका है। उन्होंने कहा कि पानी की कमी का सबसे अधिक असर महिलाओं पर पड़ता है, क्योंकि घरेलू कार्यों में पानी की आवश्यकता सबसे ज्यादा होती है।
उन्होंने कांग्रेस की अन्य गारंटियों, विशेषकर महिलाओं को ₹1500 सम्मान राशि देने के वादे पर भी सवाल उठाए। सूद ने आरोप लगाया कि सरकार ने महिलाओं को केवल आश्वासन देकर भ्रमित किया है और अधिकांश महिलाओं को अब तक इसका लाभ नहीं मिल पाया है।
प्रदेश उपाध्यक्ष ने लोगों से आगामी चुनावों में विकास के नाम पर मतदान करने की अपील की। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2027 में प्रदेश में भाजपा सरकार बनने पर केंद्र की सहायता से सोलन की पानी की समस्या का स्थायी समाधान किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *