सोलन: नगर निगम चुनावों को लेकर सोलन में भाजपा और कांग्रेस के बीच सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष Rajeev Bindal ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए उसे “झूठे वादों वाली पार्टी” करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले नगर निगम चुनावों में कांग्रेस ने ₹100 में पानी और मुफ्त कूड़ा कलेक्शन जैसे बड़े वादे किए थे, लेकिन सत्ता में आने के बाद उन्हें पूरा नहीं किया गया। भाजपा का दावा है कि इन्हीं अधूरे वादों से जनता में नाराजगी है और इसका असर इस चुनाव में दिखेगा।
वहीं उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने भाजपा के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस देश की वह पार्टी है जिसने देश की आजादी से लेकर विकास तक बड़ी भूमिका निभाई है। उन्होंने भाजपा से सवाल किया कि 2017 से 2022 तक जब हिमाचल में भाजपा की सरकार थी और बिंदल विधायक थे, तब सोलन के लिए क्या बड़ा काम हुआ? पानी के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि सरकार ने पानी के शुल्क को न्यूनतम स्तर पर लाने का फैसला किया है, लेकिन हाई कोर्ट में मामला और आचार संहिता के कारण अधिसूचना रुकी हुई है। कूड़ा कलेक्शन पर भी उन्होंने कहा कि सोलन में यह व्यवस्था सुचारू है और अन्य नगर निगमों की तुलना में शुल्क काफी कम है। साथ ही उन्होंने संकेत दिए कि कांग्रेस जल्द ही नगर निगम के लिए अपना विजन डॉक्यूमेंट जारी करेगी।
सोलन नगर निगम चुनाव: भाजपा-कांग्रेस में जुबानी जंग तेज, बिंदल के आरोपों पर मंत्री हर्षवर्धन का पलटवार