सोलन में ‘अग्नि सुरक्षा सप्ताह’ का शुभारंभ, स्वास्थ्य विभाग ने दिलाई शपथ

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग सोलन द्वारा ‘अग्नि सुरक्षा सप्ताह’ का शुभारंभ शपथ ग्रहण के साथ किया गया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. अजय पाठक ने अस्पताल परिसर में अग्नि सुरक्षा उपायों की विस्तृत जानकारी देते हुए कर्मचारियों को जागरूक किया।
डॉ. पाठक ने कहा कि अस्पताल और सरकारी कार्यालय ऐसे स्थान हैं, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग आते हैं। ऐसे में आग जैसी आपात स्थिति गंभीर रूप ले सकती है। उन्होंने बताया कि अग्नि सुरक्षा शपथ का उद्देश्य कर्मचारियों को सतर्क करना और यह सुनिश्चित करना है कि सभी आवश्यक सुरक्षा उपायों का पालन किया जाए।
उन्होंने आग की घटनाओं को रोकने के लिए निवारक उपायों पर विशेष जोर देते हुए निर्देश दिए कि अस्पताल या कार्यालय छोड़ने से पहले सभी स्टरलाइज़र, चिकित्सा उपकरण और हीटर को अनिवार्य रूप से बंद किया जाए। उन्होंने कर्मचारियों से अपील की कि किसी भी आपात स्थिति में धैर्य बनाए रखें और आग बुझाने के साथ-साथ मरीजों व आगंतुकों की सुरक्षा को प्राथमिकता दें।
सीएमओ ने बताया कि जिले के सभी अस्पतालों में ‘फायर सेफ्टी प्लान’ तैयार किए गए हैं तथा अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। इसके अलावा ‘फायर एग्जिट प्लान’ भी लागू किए गए हैं, ताकि आपात स्थिति में सुरक्षित निकास के रास्तों की स्पष्ट जानकारी मिल सके।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग मरीजों और आगंतुकों को बेहतर सेवाएं देने के साथ-साथ उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *