सोलन: राजगढ़ में कांग्रेस के गढ़ में भाजपा की सेंध, रीना कश्यप का बड़ा दावा — “अभी तो पिक्चर शुरू हुई है”

नगर निकाय चुनावों की सियासी सरगर्मी के बीच पच्छाद की विधायक Reena Kashyap ने कांग्रेस पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है। सोलन में बातचीत के दौरान उन्होंने दावा किया कि भाजपा न केवल Solan में मजबूत स्थिति में है, बल्कि Rajgarh नगर पंचायत में भी कांग्रेस का किला ढहाने जा रही है। रीना कश्यप ने कहा कि राजगढ़ में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है, जहां यूथ कांग्रेस के सक्रिय नेता और बूथ अध्यक्ष चंद्र मोहन ने भाजपा का दामन थाम लिया है। उनका कहना है कि वार्ड नंबर 6 और 7 में चंद्र मोहन की मजबूत पकड़ भाजपा को सीधा फायदा पहुंचाएगी और इससे चुनावी समीकरण बदलेंगे।
उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी के बड़े नेता चाहे जितनी रणनीति बना लें, इस बार नगर पंचायत बचाना उनके लिए आसान नहीं होगा। भाजपा परिवर्तन के एजेंडे के साथ मैदान में है और जनता बदलाव के मूड में है। विधायक ने आत्मविश्वास से कहा कि भाजपा केवल जीत दर्ज नहीं करेगी, बल्कि नगर पंचायत में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का पद भी भाजपा के खाते में जाएगा। भविष्य में और नेताओं के भाजपा में शामिल होने के सवाल पर उन्होंने कहा— अभी तो पिक्चर शुरू हुई है, आखिर तक बहुत कुछ बदलने वाला है।
रीना कश्यप का यह बयान साफ संकेत दे रहा है कि आने वाले दिनों में कांग्रेस को और राजनीतिक झटके लग सकते हैं। चुनावी रण में अब मुकाबला और ज्यादा दिलचस्प होने जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *