सोलन में नगर निगम की ओर से आयोजित किए जा रहे ‘समाधान शिविर’ के माध्यम से लोगों की समस्याओं का वार्ड स्तर पर समाधान किया जा रहा है। नगर निगम कमिश्नर एकता कपटा ने बताया कि यह पहल शहरी विकास विभाग, हिमाचल प्रदेश के ‘स्वच्छ शहर, सम्मिलित शहर’ अभियान का अहम हिस्सा है।उन्होंने कहा कि इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य लोगों की छोटी-मोटी समस्याओं को उनके घर के नजदीक ही हल करना है, ताकि नागरिकों को निगम कार्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें। वार्ड स्तर पर लगाए जा रहे इन कैंपों में लोग सीधे अपनी शिकायतें दर्ज करवा रहे हैं और कई मामलों का मौके पर ही निपटारा किया जा रहा है।कमिश्नर ने बताया कि पिछले शिविरों की तुलना में इस बार पुरानी शिकायतों की पुनरावृत्ति कम देखने को मिली है। हालांकि आवारा कुत्तों की समस्या अभी भी चुनौती बनी हुई है। इसके समाधान के लिए डॉग शेल्टर बनाने और नसबंदी अभियान को आगे बढ़ाने की योजना पर काम किया जा रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि डोर-स्टेप सर्विस की इस पहल को शहरवासियों का अच्छा सहयोग मिलेगा।