सोलन। प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री अपना परिवार सुखी परिवार योजना के तहत जिला सोलन में अब तक 8,965 लाभार्थियों का चयन किया जा चुका है। योजना के तहत चयनित परिवारों को विभिन्न सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं से प्राथमिकता के आधार पर जोड़ने की तैयारी है। वहीं, लाभार्थियों की पात्रता सुनिश्चित करने के लिए सत्यापन प्रक्रिया भी जारी है, जिसे 30 नवंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
जिला विकास अधिकारी (डीडीओ) सोलन रमेश शर्मा ने योजना की प्रगति की जानकारी देते हुए बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में पात्र परिवारों के चयन के लिए अब तक नौ चरण पूरे किए जा चुके हैं। चयन प्रक्रिया निर्धारित मापदंडों के आधार पर ग्रामीण स्तर पर गठित समितियों के माध्यम से पूरी की गई। इसके बाद ग्राम सभाओं से चयनित सूचियों का अनुमोदन भी करवाया गया। प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए ग्राम पंचायत और ग्राम सभा स्तर पर शिकायत दर्ज करवाने की व्यवस्था की गई थी।
उन्होंने बताया कि जिले के विभिन्न विकासखंडों में नालागढ़ से सबसे अधिक 3,382 लाभार्थियों का चयन हुआ है। इसके अलावा सोलन विकासखंड में 1,469, कुनिहार में 1,132, कंडाघाट में 1,099 और धर्मपुर में 554 लाभार्थी चयनित किए गए हैं।
योजना के तहत जिले में अब तक चार शिकायतें प्राप्त हुई हैं। इन शिकायतों की जांच के लिए संबंधित समितियों द्वारा दस्तावेजों का पुनर्सत्यापन और मौके पर निरीक्षण किया जा रहा है। सत्यापन के दौरान यदि कोई लाभार्थी अपात्र पाया जाता है तो उसका नाम सूची से हटाया जाएगा। नौकरी लगने, मृत्यु होने या अन्य कारणों से पात्रता प्रभावित होने की स्थिति में भी सूची में आवश्यक संशोधन किया जाएगा।
डीडीओ ने बताया कि 30 नवंबर तक शिकायतों के निपटारे और सत्यापन की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। उन्होंने कहा कि योजना का उद्देश्य पात्र परिवारों को सरकारी कल्याणकारी योजनाओं से जोड़कर उन्हें लाभ पहुंचाना है। इसके तहत चयनित लाभार्थियों को विभिन्न विभागों की योजनाओं में प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि जरूरतमंद परिवारों को समय पर सरकारी सुविधाओं का लाभ मिल सके।