दिल्ली के जंतर-मंतर पर नीट (NEET) पेपर लीक मामले को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए कथित पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में ऑल इंडिया लॉयर्स यूनियन (AILU) जिला इकाई सोलन ने उपायुक्त के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। यूनियन ने घटना की निष्पक्ष जांच करवाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई।
यूनियन के जिला कोषाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि नीट पेपर लीक के विरोध में छात्र पिछले एक माह से आंदोलन कर रहे हैं। उनका कहना है कि छात्र परीक्षा में हुई कथित धांधली की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि संसद की ओर शांतिपूर्ण मार्च के दौरान दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शनकारी छात्रों पर लाठीचार्ज किया, जिसमें कई छात्र घायल हुए और महिला प्रदर्शनकारियों के साथ भी दुर्व्यवहार हुआ।
अधिवक्ता रामलाल कौशल ने कहा कि यह घटना लोकतांत्रिक अधिकारों का उल्लंघन है। यूनियन ने राष्ट्रपति से मांग की है कि पूरे मामले की जांच सुप्रीम कोर्ट या हाई कोर्ट के वर्तमान अथवा सेवानिवृत्त न्यायाधीश की अध्यक्षता में गठित उच्च स्तरीय समिति से करवाई जाए, ताकि निष्पक्ष जांच सुनिश्चित हो सके।
ज्ञापन में लाठीचार्ज के लिए जिम्मेदार पुलिस अधिकारियों और कर्मियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई, छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार, शिक्षा मंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफे की मांग तथा भविष्य में पेपर लीक जैसी घटनाओं की रोकथाम के लिए सख्त कानून बनाने की भी मांग की गई है। यूनियन का कहना है कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में छात्रों की आवाज को दबाने के बजाय उनकी समस्याओं का समाधान किया जाना चाहिए।
BITE – रामलाल कौशल अधिवक्ता ऑल इंडिया लोअर यूनियन जिला सोलन , अजय कुमार कोषाध्यक्ष ऑल इंडिया लोअर यूनियन जिला सोलन