जौणाजी  रोड पर पाइप लीकेज से पानी की बर्बादी, पार्षद अमरदीप पाँजा ने उठाई सख्त कार्रवाई की मांग

शहर के वार्ड नंबर 5 के पार्षद अमरदीप पाँजा ने जौणाजी   रोड पर पशु विभाग के समीप फटी पानी की पाइप को लेकर गहरी चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि पाइप लीकेज के कारण लगातार पानी की बर्बादी हो रही है, जिससे आने वाले गर्मी के मौसम में जल संकट और गहरा सकता है। पाँजा ने बताया कि इस संबंध में पहले भी नगर निगम में शिकायत दर्ज करवाई गई थी, जहां से स्पष्ट हुआ कि संबंधित पाइप सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य (आईपीएच) विभाग के अधिकार क्षेत्र में आती है। नगर निगम के माध्यम से शिकायत भेजे जाने के बाद आईपीएच विभाग ने मरम्मत कार्य किया था, लेकिन भारी ट्रैफिक और लोडेड वाहनों की आवाजाही के चलते पाइप दोबारा लीक हो गई।पार्षद पाँजा ने कहा कि स्थानीय निवासियों की शिकायतों के बाद उन्होंने दोबारा विभाग को अवगत कराया है और विभाग ने शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया है। उन्होंने आईपीएच विभाग और नगर निगम से संयुक्त रूप से स्थायी समाधान निकालने की मांग की है, ताकि बार-बार पाइप फटने की समस्या से निजात मिल सके। पाँजा ने स्पष्ट किया कि यह केवल उनके वार्ड की समस्या नहीं, बल्कि पूरे शहर में जहां-जहां पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो रही है, वहां ठोस और टिकाऊ मरम्मत की आवश्यकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि गर्मियों की शुरुआत के साथ ही पानी की किल्लत बढ़ने लगती है, ऐसे में पानी की बर्बादी रोकना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए, ताकि शहरवासियों को निर्बाध जलापूर्ति सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *