सोलन में गहराया जल संकट: सर्दियों में पानी की किल्लत पर भाजपा युवा नेता रचित साहनी का फूटा गुस्सा

सोलन शहर में कड़ाके की ठंड के बीच गहराते जल संकट को लेकर भाजपा युवा नेता रचित साहनी ने कड़ा रोष जताया है। उन्होंने सर्दियों के मौसम में पानी की भारी किल्लत को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि इससे शहर की जनता, विशेषकर महिलाएं और कामकाजी वर्ग गंभीर परेशानियों का सामना कर रहे हैं।

रचित साहनी ने कहा कि कई वार्डों में हालात चिंताजनक हैं। उन्होंने बताया कि वार्ड नंबर 16 में आठ दिन बाद पानी की आपूर्ति हो रही है, जबकि वार्ड नंबर 6, 8, 9 और 10 में भी नियमित जलापूर्ति नहीं हो पा रही। पानी की कमी के कारण लोगों का दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है और वे समय पर अपने काम पर भी नहीं पहुंच पा रहे हैं।

उन्होंने इस संकट के लिए सरकार, आईपीएच विभाग और विशेष रूप से नगर निगम को जिम्मेदार ठहराया। साहनी ने सवाल उठाते हुए कहा कि नगर परिषद को नगर निगम का दर्जा तो दे दिया गया, लेकिन व्यवस्थाएं सुधारने की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए गए।

रचित साहनी ने कहा कि समस्या की जड़ इच्छाशक्ति और फंडिंग की कमी है। उन्होंने जानकारी दी कि भाजपा ने इस मुद्दे को लेकर उपायुक्त और राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा है। अंत में उन्होंने कहा कि गर्मियों में पानी की कमी समझ में आती है, लेकिन सर्दियों में ऐसा संकट प्रशासन की गंभीर विफलता को दर्शाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *