जोगिंदर नगर जतिन लटावा
देश की सेना के सम्मान और मनोबल को बढ़ाने के उद्देश्य से जोगिंदर नगर शहर में सिटीजन फॉर नैशनल सिक्योरिटी के बैनर तले तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यह यात्रा
सनातन धर्म मंदिर से आरंभ हुई, जिसने पूरे जोगिंदर नगर शहर की परिक्रमा की। इस यात्रा में विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए।
इस तिरंगा यात्रा का आयोजन हाल ही में भारतीय सेना द्वारा किए गए ऑप्रेशन सिंदूर की सफलता के उपलक्ष्य में किया गया। यह ऑप्रेशन जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुई आतंकी घटना के जवाब में चलाया गया था, जिसमें कई निर्दोष लोगों की जान गई थी। इस हमले के बाद देशभर में पाकिस्तान के प्रति आक्रोश की लहर देखी गई।
कैप्टन चंदर सिंह वाइस चेयरमैन एक्स सर्विस मैन लीग ने बताया कि ऑप्रेशन सिंदूर ने न केवल पाकिस्तान को करारा जवाब दिया, बल्कि भारतीय सेना के युद्ध कौशल को पूरी दुनिया ने सराहा। उन्होंने कहा कि यह तिरंगा यात्रा सेना के साहस और बलिदान को सम्मान देने तथा जनता को ऑप्रेशन सिंदूर की सफलता से अवगत कराने के लिए आयोजित की गई है।
तिरंगा यात्रा के दौरान लोगों ने “जय हिन्द”, “भारतीय सेना जिंदाबाद” और वंदे मातरम् जैसे नारों से वातावरण देशभक्ति से भर दिया। इस आयोजन के माध्यम से यह संदेश भी दिया गया कि यदि पाकिस्तान भविष्य में भारत पर कोई आतंकी हमला करता है, तो उसे उसका मुंहतोड़ जवाब मिलेगा।