लैंगिक समानता और महिला सशक्तिकरण की दिशा में नई चेतना 4.0 अभियान

ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा आरंभ किया गया नई चेतना 4.0 एक राज्य स्तरीय अभियान है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण भारत में लैंगिक समानता और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है। यह कार्यक्रम महिलाओं के खिलाफ हिंसा को रोकने, उन्हें सामाजिक व आर्थिक रूप से सशक्त बनाने तथा आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाने पर केंद्रित है। अभियान के तहत ग्रामीण महिलाओं को अधिक अवसर उपलब्ध कराने और उनकी आजीविका बढ़ाने के लिए विभिन्न कार्यशालाओं और जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।

इस अभियान के अंतर्गत नाटक, कविताएं, संवाद और अन्य रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से समाज में सकारात्मक संदेश दिया जा रहा है। महिलाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा, सम्मान और आर्थिक सशक्तिकरण से जुड़ी जानकारी प्रदान की जा रही है।

सोलन में आयोजित हो रहे राज्य स्तरीय कार्यक्रम में जिले भर से सीएलएफ, वीओ और एसएचजी कैडर सहित बड़ी संख्या में महिलाएं भाग लेंगी। इसमें सिरमौर जिले की महिलाओं की भागीदारी भी रहेगी। कार्यशाला में उपायुक्त मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे, जबकि न्यायिक क्षेत्र से जुड़ी महिला न्यायाधीश और अन्य शीर्ष महिला अधिकारी अपने अनुभव साझा करेंगी।

बीडीओ रमेश शर्मा, सोलन ने बताया कि नई चेतना 4.0 अभियान महिलाओं को आत्मविश्वास से भरने और समाज में समानता स्थापित करने की दिशा में एक सशक्त पहल है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में सकारात्मक बदलाव आएगा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *