सोलन: पशुपालन विभाग सोलन के उपनिदेशक Dr. Vivek Lamba ने गर्मियों के बढ़ते तापमान को देखते हुए पशुपालकों को पशुओं की विशेष देखभाल करने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि दुधारू पशुओं और कुत्तों के लिए साफ और पर्याप्त पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है। डॉ. लांबा ने बताया कि कुत्तों में पसीने की ग्रंथियां नहीं होतीं और वे अपने मुंह के जरिए शरीर का तापमान नियंत्रित करते हैं, इसलिए उनके लिए साफ बर्तनों में हमेशा पानी उपलब्ध रहना चाहिए। अधिक गर्मी के समय पानी में ओआरएस मिलाकर देने से पशुओं को जरूरी खनिज तत्व मिलते हैं।
उन्होंने पशुपालकों को गौशालाओं में उचित वेंटिलेशन और जल निकासी की व्यवस्था करने की भी सलाह दी, ताकि मक्खी-मच्छर जैसे परजीवियों से होने वाली बीमारियों से बचाव हो सके। विभाग की ओर से सभी पशु अस्पतालों और औषधालयों में आवश्यक दवाएं उपलब्ध करवा दी गई हैं।
डॉ. लांबा ने दुधारू पशुओं में कैल्शियम की महत्ता पर भी जोर देते हुए कहा कि इसकी कमी से पशुओं में बांझपन की समस्या बढ़ सकती है, खासकर अधिक दूध देने वाले पशुओं में। उन्होंने किसानों को लिक्विड की बजाय पाउडर कैल्शियम देने की सलाह दी। उनके अनुसार लिक्विड कैल्शियम अक्सर बोतल के नीचे बैठ जाता है, जिससे पशु को पूरी खुराक नहीं मिल पाती। पशुओं को नियमित रूप से 30 से 40 ग्राम पाउडर कैल्शियम देने से दूध उत्पादन के साथ उनका प्रजनन चक्र भी संतुलित रहता है।