सोलन शहर में आवारा कुत्तों की बढ़ती आबादी पर नियंत्रण पाने के लिए पशुपालन विभाग ने अभियान को गति दे दी है। डॉ. विवेक लांबा, उपनिदेशक, पशुपालन विभाग सोलन ने बताया कि विभाग और नगर निगम सोलन के संयुक्त प्रयासों से चल रहे नसबंदी (Neutralization) कार्यक्रम के तहत अब तक 307 कुत्तों की नसबंदी की जा चुकी है। यह कार्य नगर निगम के एबीसी सेंटर में विधिवत रूप से किया जा रहा है। उन्होंने जानकारी दी कि पहले चरण में मुख्य सड़कों पर घूमने वाले कुत्तों को प्राथमिकता के आधार पर पकड़ा गया, ताकि यातायात और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
डॉ. लांबा ने बताया कि अब अभियान का फोकस शहर की गलियों और संकरी बस्तियों में मौजूद कुत्तों पर है। इसके लिए वार्ड सदस्यों और स्थानीय निवासियों का सहयोग लिया जा रहा है, जिससे डॉग कैचर्स को सटीक लोकेशन मिल सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि नसबंदी के बाद कुत्तों को उसी स्थान पर छोड़ा जाएगा, जहां से उन्हें पकड़ा गया था, ताकि क्षेत्रीय संतुलन बना रहे और नए कुत्तों की एंट्री न हो। उन्होंने शहरवासियों, विशेषकर आवारा कुत्तों को भोजन देने वाले लोगों से अपील की कि वे कुत्तों को पकड़वाने में सहयोग करें। यदि किसी क्षेत्र में नसबंदी की आवश्यकता हो तो उपनिदेशक कार्यालय सोलन या कोटानाला स्थित बहुआयामी पशु चिकित्सालय में संपर्क किया जा सकता है। फोन कॉल के माध्यम से भी सूचना देकर डॉग कैचर्स को मौके पर बुलाया जा सकता है।