सोलन में बेसहारा कुत्तों की बढ़ती संख्या पर नियंत्रण पाने के लिए नगर निगम ने ठोस कदम उठाया है। नगर निगम द्वारा कुत्तों के स्टरलाइजेशन के लिए एबीसी केंद्र बनाया जा रहा है, जिसका 90% कार्य पूरा हो चुका है। नगर निगम की ज्वाइंट कमिश्नर विमला देवी ने जानकारी दी कि यह केंद्र जल्द ही उपयोग में लाया जाएगा। उन्होंने बताया कि करीब 35 लाख रुपये की लागत से बन रहे इस केंद्र का निरीक्षण भी किया जा चुका है। जैसे ही संबंधित विभाग से एनओसी प्राप्त होगी, इसे पूरी तरह शुरू कर दिया जाएगा। इस केंद्र के आरंभ होने से शहर में बेसहारा कुत्तों की संख्या को नियंत्रित करने में सहायता मिलेगी।ज्वाइंट कमिश्नर विमला देवी ने बताया कि नगर निगम को लंबे समय से आवारा कुत्तों की समस्या को लेकर शिकायतें मिल रही थीं। इसी को ध्यान में रखते हुए इस केंद्र की स्थापना की जा रही है। वेटरिनरी विभाग के चिकित्सक यहां नियमित सेवाएं देंगे, और सभी आवश्यक मशीनरी नगर निगम द्वारा उपलब्ध करवा दी गई है। इस केंद्र में ऑपरेशन के बाद 20 कुत्तों को रखने की क्षमता होगी। एबीसी केंद्र के शुरू होने से शहर में कुत्तों से जुड़ी समस्याओं का समाधान मिलने की उम्मीद है।
बाइट ज्वाइंट कमिश्नर विमला देवी
