सोलन: घटिया झूलों पर सख्ती, अब बिना सैंपल मंजूरी नहीं मिलेगा ठेका : एकता कपटा

सोलन नगर निगम ने आखिरकार पार्कों में लगाए गए घटिया झूलों के मामले में सख्त रुख अपना लिया है। बच्चों की सुरक्षा से जुड़े इस मुद्दे पर निगम की कमिश्नर एकता कपटा ने साफ कर दिया है कि अब शहर के किसी भी पार्क में निम्न गुणवत्ता के झूले स्थापित नहीं होने दिए जाएंगे।कमिश्नर ने बताया कि पिछले समय में खरीदे गए कुछ झूले और राइड्स गुणवत्ता मानकों पर खरे नहीं उतरे थे, जिसके चलते उन्हें वापस करना पड़ा। इस लापरवाही से सबक लेते हुए नगर निगम ने टेंडर प्रक्रिया में बड़ा बदलाव किया है। अब किसी भी वेंडर को टेंडर जारी करने से पहले झूलों का सैंपल नगर निगम कार्यालय में प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। उसी सैंपल को आधार बनाकर टेंडर की शर्तें तय की जाएंगी, ताकि बाद में गुणवत्ता को लेकर कोई बहाना न बन सके।नए टेंडर में ‘प्री-अप्रूवल’ क्लॉज जोड़ा गया है। इसके तहत वेंडर द्वारा प्रस्तुत सैंपल का पहले तकनीकी निरीक्षण होगा और उसे पूर्व-अनुमोदन मिलने के बाद ही पार्कों में स्थापना की अनुमति दी जाएगी। निगम का दावा है कि यह कदम अन्य सरकारी विभागों की तर्ज पर उठाया गया है, ताकि खरीद प्रक्रिया पारदर्शी और जिम्मेदार बने।स्पष्ट है कि अब नगर निगम बच्चों की सुरक्षा से समझौता करने के मूड में नहीं है। घटिया सामग्री पर रोक और सख्त मानकों के साथ ही पार्कों में केवल उच्च गुणवत्ता और सुरक्षित झूले ही लगेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *