सोलन के नव नियुक्त पुलिस अधीक्षक टी. साईं दत्तत्रेय वर्मा आईपीएस ने पदभार संभालने के बाद आयोजित प्रेस वार्ता में जिले की कानून व्यवस्था को लेकर अपनी प्राथमिकताएं साझा कीं। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशा मुक्त हिमाचल अभियान को और प्रभावी बनाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
एसपी वर्मा ने यातायात व्यवस्था पर बोलते हुए कहा कि ड्रंक एंड ड्राइव, नाबालिगों द्वारा वाहन चलाना और रैश ड्राइविंग जैसे मामलों पर विशेष नजर रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का सख्ती से पालन करवाकर सड़क हादसों में कमी लाई जाएगी, जिससे आम नागरिकों को सुरक्षित वातावरण मिल सके।
प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने साइबर अपराध को जिला पुलिस के लिए एक गंभीर चुनौती बताया। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से बुजुर्गों और पेंशनरों को साइबर ठगी से बचाने के लिए जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे। इसके लिए बैंकों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित किया जाएगा तथा अंतरराज्यीय स्तर पर तालमेल बढ़ाकर अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी और ठगी गई राशि की रिकवरी सुनिश्चित की जाएगी।
इसके अतिरिक्त एसपी वर्मा ने पुलिस बल के मनोबल और कार्यक्षमता बढ़ाने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि कॉन्स्टेबल से लेकर जांच अधिकारियों तक सभी को सशक्त बनाया जाएगा। स्कूलों और कॉलेजों में कम्युनिटी पुलिसिंग के माध्यम से युवाओं में पुलिस के प्रति विश्वास पैदा किया जाएगा, ताकि समाज और पुलिस मिलकर अपराध पर नियंत्रण कर सकें।
सोलन: नशा, साइबर अपराध और यातायात उल्लंघनों पर सख्ती प्राथमिकता : एसपी टी. साईं दत्तत्रेय वर्मा