सोलन में श्रीमद् भागवत कथा के उपलक्ष्य में निकाली गई भव्य शोभा यात्रा ने पूरे शहर को भक्ति के रंग में रंग दिया। यह शोभा यात्रा मुरारी मार्केट से शुरू होकर सनातन धर्म मंदिर, शील माता मंदिर और नरसिंह मंदिर से होते हुए पुनः मुरारी मार्केट में संपन्न हुई। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। जगह-जगह पुष्प वर्षा और भजन-कीर्तन के बीच वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया। इस आयोजन में न केवल सोलन बल्कि आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोग भी बड़ी संख्या में शामिल हुए। खास बात यह रही कि हरियाणा, पंजाब और उत्तराखंड से भी श्रद्धालु इस धार्मिक आयोजन का हिस्सा बनने पहुंचे, जिससे यह आयोजन और भी भव्य बन गया।
इस आयोजन को लेकर जोगिंदर खत्री ने कहा कि श्रीमद् भागवत कथा किसी एक व्यक्ति के लिए नहीं, बल्कि “सर्व जन हिताय, सर्व जन सुखाय” के उद्देश्य से आयोजित की जा रही है। उन्होंने बताया कि कथा के माध्यम से पूरे देश और विशेष रूप से सोलनवासियों की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की जा रही है। जोगिंदर खत्री ने कहा कि इस धार्मिक आयोजन में आचार्य परम पूज्य कमलकांत शर्मा जी श्रद्धालुओं को भागवत कथा का अमृतपान करवा रहे हैं, जिससे लोगों को आध्यात्मिक ज्ञान प्राप्त हो रहा है। उन्होंने अंत में प्रार्थना की कि यह आयोजन सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लेकर आए।
सोलन: भव्य शोभा यात्रा से गूंजा सोलन— जोगिंदर खत्री बोले, “सर्व कल्याण है आयोजन का उद्देश्य”