सोलन माल रोड स्थित बीएल सेंट्रल पब्लिक स्कूल में साइंस डे के अवसर पर विशेष कार्यक्रम व विज्ञान प्रदर्शनी का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता और वैज्ञानिक सोच का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। इस मौके पर स्कूल परिसर में अत्याधुनिक रोबोटिक एआई लैब और स्केटिंग रिंग का भी विधिवत उद्घाटन किया गया।
स्कूल की प्रिंसिपल रुचिका बक्शी ने बताया कि नई रोबोटिक एआई लैब के माध्यम से छात्रों में क्रिटिकल थिंकिंग, लॉजिकल रीजनिंग और प्रायोगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने जानकारी दी कि नए शैक्षणिक सत्र से कक्षा छठी और सातवीं के विद्यार्थियों के लिए फ्रेंच भाषा को भी पाठ्यक्रम में शामिल किया गया है, जिससे छात्र वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार हो सकें।
विज्ञान प्रदर्शनी में छात्रों ने कई नवाचारी प्रोजेक्ट प्रस्तुत किए। स्मार्ट क्लोथिंग प्रोजेक्ट के तहत विद्यार्थियों ने वॉटर सेंसर आधारित ऐसा मॉडल तैयार किया, जो बारिश होने पर कपड़ों को स्वतः सुरक्षित स्थान पर पहुंचा देता है। इसके अलावा छात्रों ने वेस्ट मटेरियल से रोबोटिक कारें और विभिन्न प्रकार के सेंसर विकसित कर अपनी तकनीकी समझ का परिचय दिया। विभिन्न इलेक्ट्रॉनिक सर्किट और हैंड्स-ऑन गतिविधियों के माध्यम से विज्ञान के सिद्धांतों को भी प्रभावी ढंग से समझाया गया।
कार्यक्रम के दौरान आयोजित पेरेंट्स ओरिएंटेशन में अभिभावकों ने विद्यार्थियों के प्रोजेक्ट्स की सराहना की। प्रिंसिपल ने कहा कि ऐसे आयोजन छात्रों को भविष्य की तकनीकों से जोड़ने और उनके सर्वांगीण विकास को गति देने के उद्देश्य से नियमित रूप से आयोजित किए जाते हैं।
सोलन: बीएल सेंट्रल पब्लिक स्कूल में साइंस डे धूमधाम से मनाया, रोबोटिक एआई लैब और स्केटिंग रिंग का हुआ उद्घाटन