सोलन के देवघाट क्षेत्र में सड़क का डंगा (रिटेनिंग वॉल) ढहने से ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। समस्या के समाधान की मांग को लेकर स्थानीय निवासियों ने उपायुक्त सोलन से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा और शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
स्थानीय निवासी प्रिया ने बताया कि हीरो होंडा शोरूम के ऊपर स्थित डंगे पर बनी यह सड़क क्षेत्र के लिए प्रमुख मार्ग है, जिसका उपयोग स्कूली बच्चों और वाहनों की आवाजाही के लिए होता है। उन्होंने बताया कि डंगा पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर नीचे गिर चुका है, जिससे सड़क को गंभीर खतरा पैदा हो गया है। मलबा एक घर के आंगन में गिरा है और आसपास के मकानों पर भी खतरा मंडरा रहा है। उन्होंने आशंका जताई कि बरसात के मौसम में स्थिति और गंभीर हो सकती है।
देवघाट निवासी मनमोहन शर्मा ने बताया कि इस घटना से लगभग 40 से 50 घरों का संपर्क प्रभावित हुआ है। रास्ता क्षतिग्रस्त होने से आवागमन जोखिम भरा हो गया है और बुजुर्गों व स्कूली बच्चों को विशेष परेशानी उठानी पड़ रही है। कुछ वाहनों के फंसने की भी जानकारी सामने आई है।
ग्रामीणों ने बताया कि पंचायत के माध्यम से बीडीओ और जेई द्वारा कार्य का एस्टीमेट तैयार किया जा चुका है तथा पटवारी की रिपोर्ट सहित सभी आवश्यक दस्तावेज प्रशासन को सौंप दिए गए हैं। उपायुक्त ने मामले में शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया है। इस दौरान 15 से 20 ग्रामीण ज्ञापन देने के लिए उपस्थित रहे।