सोलन: देवली की सेर में सड़क विवाद गहराया, ग्रामीणों ने डीसी को सौंपा ज्ञापन

सोलन: जिले की बसाल पंचायत के अंतर्गत देवली की सेर गांव में सड़क मार्ग को लेकर विवाद गहरा गया है। समस्या के समाधान की मांग को लेकर ग्रामीणों ने उपायुक्त मनमोहन शर्मा को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान पंचायत के पूर्व प्रधान देवेंद्र कश्यप ने बताया कि गांववासियों ने बिना किसी सरकारी सहायता के आपसी सहयोग से धन एकत्रित कर सड़क का निर्माण किया था।
उन्होंने बताया कि सड़क निर्माण से पूर्व संबंधित परिवार से सहमति भी ली गई थी, लेकिन अब वही परिवार सड़क पर अवरोध उत्पन्न कर वाहनों की आवाजाही रोक रहा है। कश्यप के अनुसार, उक्त परिवार को कागजों में 6 बीघे 8 बिस्वा भूमि आवंटित है, जबकि उनका कब्जा इससे अधिक भूमि पर होने का आरोप है।
सड़क बंद होने से ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। गांव के लोग टमाटर, शिमला मिर्च और मटर जैसी नकदी फसलों पर निर्भर हैं, जिन्हें 2 से 3 किलोमीटर दूर बसाल तक पीठ पर ढोकर ले जाना पड़ता है। इसके अलावा, बीमार व्यक्तियों को सड़क तक पहुंचाने में भी कठिनाइयां होती हैं, जिससे आपात स्थिति में परेशानी और बढ़ जाती है। निर्माण सामग्री की ढुलाई भी महंगी और कठिन हो गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क चालू होने से एंबुलेंस सहित छोटे वाहन गांव तक पहुंच सकेंगे, जिससे उनकी दैनिक समस्याओं का समाधान होगा।
उपायुक्त मनमोहन शर्मा ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उन्हें आश्वस्त किया कि मामले की जांच के लिए बीडीओ को मौके पर भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि संबंधित पक्ष से बातचीत कर जल्द ही रास्ते को पुनः बहाल करने का प्रयास किया जाएगा, ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *