नगर निगम सोलन के कार्यकाल और वार्ड स्तर पर हुए विकास कार्यों को लेकर वार्ड नंबर-3 के निवासी राजेंद्र कुमार ने मिश्रित प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने जहां अपने वार्ड में हुए कार्यों को संतोषजनक बताया, वहीं कुछ अधूरे कार्यों और व्यवस्थागत कमियों की ओर भी ध्यान आकर्षित किया।
राजेंद्र कुमार के अनुसार वार्ड-3 में विकास कार्य ठीक-ठाक हुए हैं और पार्षद ने अपने स्तर पर प्रयास भी किए हैं, लेकिन कुछ कार्य अभी अधूरे हैं। उन्होंने इसके पीछे प्रदेश में रही आर्थिक तंगी को एक प्रमुख कारण बताया, जिससे विकास कार्यों की गति प्रभावित हुई। उन्होंने उम्मीद जताई कि शेष कार्य जल्द पूरे किए जाएंगे।
स्वच्छता व्यवस्था को लेकर उन्होंने नगर निगम को और सक्रिय होने की जरूरत बताई। उनका कहना है कि शहर में सार्वजनिक स्थानों पर पर्याप्त डस्टबिन नहीं हैं, जिसके कारण लोग कचरा इधर-उधर फेंकने को मजबूर होते हैं। इससे शहर की साफ-सफाई प्रभावित हो रही है।
राजेंद्र कुमार ने राजनीतिक व्यवस्था और चुनावी वादों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान बड़े-बड़े वादे किए जाते हैं, लेकिन उन्हें पूरा करने के लिए कोई सख्त कानूनी प्रावधान नहीं है। उन्होंने सुझाव दिया कि जो दल अपने वादे पूरे नहीं करते, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि जब तक जवाबदेही तय नहीं होगी, तब तक आम जनता को बुनियादी समस्याओं से जूझना पड़ेगा।
सोलन: नगर निगम सोलन के कार्यों पर उठे सवाल, वार्ड-3 में विकास के साथ कमियों की ओर इशारा