सुबाथु रोड की खस्ताहालत को लेकर स्थानीय लोगों में भारी रोष देखने को मिल रहा है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढों और धूल के कारण जहां पैदल चलना मुश्किल हो गया है, वहीं वाहनों के फंसने से जाम की स्थिति आम हो गई है।
स्थानीय निवासी सुधीर आहूजा ने बताया कि डूंगा मोड़ के पास सड़क की स्थिति अत्यंत दयनीय है। दोपहिया वाहन चालकों के लिए संतुलन बनाए रखना मुश्किल हो रहा है और कई बार वाहन गड्ढों में फंस जाते हैं, जिससे लंबे जाम लग जाते हैं। उन्होंने कहा कि यहां पहले भी कई हादसे हो चुके हैं और वर्तमान स्थिति को देखते हुए दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना हुआ है।
भाजपा नेता शैलेंद्र गुप्ता ने प्रदेश सरकार और स्थानीय विधायक पर वादाखिलाफी के आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि यह मार्ग कई जिलों और विधानसभा क्षेत्रों को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है, लेकिन इसके बावजूद इसकी अनदेखी की जा रही है। गुप्ता ने आरोप लगाया कि सड़क सुधार को लेकर किए गए आश्वासन केवल औपचारिकता साबित हुए हैं।
निवासियों का कहना है कि पूर्व में किया गया पैचवर्क भी टिकाऊ नहीं रहा और कुछ ही दिनों में सड़क फिर से खराब हो गई। उन्होंने प्रशासन से जल्द स्थायी समाधान करने की मांग की है, ताकि लोगों को राहत मिल सके और यातायात सुचारू रूप से चल सके।