सोलन: सोलन में डाक जीवन बीमा सम्मान समारोह, उत्कृष्ट कर्मचारियों को मिला सम्मान

हिमाचल प्रदेश के सोलन में डाक विभाग द्वारा डाक जीवन बीमा विशेष सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश परिमंडल, शिमला के पोस्टमास्टर जनरल संजय सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर वित्तीय वर्ष 2025-26 में सोलन मंडल में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। पोस्टमास्टर जनरल ने विशेष रूप से ग्रामीण डाक सेवकों (GDS) के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। उन्होंने कर्मचारियों से संवाद कर उनके अनुभव सुने और समस्याओं के समाधान पर भी चर्चा की। साथ ही, वर्ष 2026-27 के लिए विभाग की भावी योजनाओं और लक्ष्यों की जानकारी साझा की।
कार्यक्रम के दौरान संजय सिंह ने एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए बताया कि डाक विभाग सोलन से चंडीगढ़ और अंबाला के बीच 24 घंटे के भीतर स्पीड पोस्ट डिलीवरी सेवा शुरू करने की तैयारी कर रहा है। इस संबंध में प्रस्ताव शीघ्र ही मुख्यालय को भेजा जाएगा और स्वीकृति मिलने के बाद सेवा प्रारंभ की जाएगी।
तकनीकी सुधारों पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने बताया कि विभाग ने ‘APT’ नामक नया तकनीकी प्लेटफॉर्म लागू किया है, जिससे पुरानी तकनीकी समस्याओं का समाधान हुआ है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि हाल ही में इंटरनेट आधारित सेवाओं में आई अस्थायी दिक्कतें ब्याज समेकन और बैंकिंग कार्यों की अधिकता के कारण थीं, जो जल्द ही सामान्य हो जाएंगी।
उन्होंने विश्वास जताया कि नई सेवाओं और तकनीकी सुधारों से ग्राहकों को बेहतर सुविधा मिलेगी और कर्मचारियों का मनोबल भी बढ़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *