गर्मियों से पहले ही सूखने लगा सोलन, लीकेज पर चुप क्यों है निगम?

सोलन में गर्मियां अभी आई भी नहीं और पानी का संकट गहराने लगा है। शहर के कई वार्डों में चार-चार और पांच-पांच दिन तक नलों में पानी नहीं आ रहा, जबकि दूसरी ओर सड़कों पर पाइपलाइन से बहता पानी प्रशासन की लापरवाही की कहानी बयान कर रहा है। इस मुद्दे पर एडवोकेट आदित्य सिंह ठाकुर  ने नगर निगम से तुरंत कार्रवाई की मांग की है।ठाकुर का कहना है कि शहर में जगह-जगह पाइपलाइन लीकेज हो रही है। एक ओर लोग बूंद-बूंद को तरस रहे हैं, दूसरी ओर हजारों लीटर पानी सड़कों पर बहकर नालियों में जा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब गर्मियों में पानी की मांग बढ़नी तय है, तो फिर अभी से मरम्मत क्यों नहीं हो रही? क्या प्रशासन संकट का इंतजार कर रहा है?उन्होंने नगर निगम से अपील की है कि सभी लीकेज तुरंत ठीक की जाएं और पानी के भंडारण की पुख्ता व्यवस्था की जाए। साथ ही जनता से भी आग्रह किया कि जहां भी पाइपलाइन टूटती दिखे, उसकी सूचना तुरंत संबंधित विभाग को दें। अब देखना यह है कि निगम समय रहते जागेगा या सोलन को इस बार प्यासे हालात झेलने पड़ेंगे।