सोलन: वार्ड-5 में विकास कार्यों को मिली रफ्तार, पार्षद अमरदीप पांजा ने 15 माह का रिपोर्ट कार्ड किया पेश

नगर निगम सोलन के वार्ड नंबर 5 के पार्षद अमरदीप पांजा ने अपने लगभग 15-16 माह के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत करते हुए क्षेत्र में हुए विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने अपने कार्यकाल को संतोषजनक बताते हुए कहा कि नगर निगम के सहयोग से वार्ड की अधिकांश समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया गया।
पांजा ने बताया कि इस अवधि में वार्ड में करीब 39 से 40 लाख रुपये के टेंडर जारी किए गए, जिनके माध्यम से बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ किया गया। लोअर बाजार और अगर धर्मशाला के पीछे पैदल मार्गों पर नई टाइलें बिछाई गईं, जबकि डीडीके के पास नई सड़क का निर्माण कर सुरक्षा के लिए ग्रिलें भी लगाई गई हैं।
स्वच्छता और जन सुविधाओं के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण कार्य हुए हैं। शीतला माता मंदिर के समीप गली में लंबे समय से चली आ रही सीवरेज समस्या को नई लाइन डालकर दूर किया गया। वहीं ‘गंजा वाला पार्क’ में सुलभ शौचालय का निर्माण कर इसे जनता को समर्पित किया गया है।
प्रसिद्ध मोहन पार्क के सौंदर्यीकरण और मरम्मत कार्य जारी हैं। पार्क के बाहर नई पानी की टंकी स्थापित की गई है और भीतर सुलभ शौचालय का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है, जिसे शीघ्र ही जनता के लिए खोला जाएगा।
पेयजल आपूर्ति को बेहतर बनाने के लिए मोहन पार्क से नई पाइपलाइन बिछाने का कार्य भी प्रगति पर है, जिससे पानी की लीकेज पर नियंत्रण होगा और लोगों को बेहतर सुविधा मिलेगी।
आगामी मेयर और डिप्टी मेयर चुनावों को लेकर पांजा ने उम्मीद जताई कि प्रक्रिया जल्द पूरी होगी और शहर को नया नेतृत्व मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *