नगर निगम सोलन की कार्यशैली को नई दिशा देते हुए एमसी कमिश्नर एकता कपटा खुद वार्ड-वार्ड जाकर जनता की समस्याएं सुन रही हैं। वार्ड नंबर 7 में उनके नेतृत्व में आयोजित ‘समाधान शिविर’ ने साफ कर दिया कि अब शिकायतें फाइलों में नहीं, बल्कि मौके पर सुलझेंगी। शिविर में रास्तों और गलियों के निर्माण, नालों के चैनलाइजेशन और आवारा कुत्तों की समस्या प्रमुख रूप से उठी। आदर्श नगर के निवासियों को बड़ी राहत देते हुए 23 पानी के कनेक्शन मौके पर ही रेगुलराइज किए गए और सैंक्शन लेटर वितरित किए गए।
दूसरे पहर में कमिश्नर एकता कपटा ने स्पष्ट कहा कि नगर निगम अब “रिएक्टिव” नहीं बल्कि “प्रो-एक्टिव” मोड में काम करेगा। उन्होंने कहा, “जनता को दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसलिए हम खुद वार्ड में आकर समस्याएं सुन रहे हैं। जिन विकास कार्यों के टेंडर अवार्ड हो चुके हैं, वे जल्द शुरू होंगे। छोटी समस्याओं का समाधान तुरंत और बड़ी योजनाओं पर समयबद्ध कार्रवाई की जाएगी।” उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि हर वार्ड में इस तरह के शिविर लगाकर पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जाएगी, ताकि शहर का विकास कागजों में नहीं बल्कि जमीन पर दिखे।
सोलन : वार्ड-वार्ड पहुंच रही कमिश्नर: एकता कपटा ने संभाली कमान, समस्याओं का मौके पर समाधान