सोलन: जिले में पिछले कुछ समय से चली आ रही कमर्शियल गैस की समस्या अब पूरी तरह सुलझ गई है। इंडेन गैस एजेंसी सोलन के कर्मचारी राजेंद्र सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि गैस की सप्लाई अब सामान्य हो चुकी है और होटल व ढाबा संचालकों को नियमित रूप से गैस उपलब्ध कराई जा रही है।
राजेंद्र सिंह ने बताया कि कमर्शियल गैस प्राप्त करने के लिए उपभोक्ताओं को अपने कनेक्शन से संबंधित एक साधारण आवेदन पत्र एजेंसी कार्यालय में जमा करवाना होगा। इसके बाद जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक कार्यालय द्वारा आगे की प्रक्रिया का संचालन किया जाएगा, जिससे वितरण व्यवस्था सुचारू बनी रहेगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि गैस की कमी को लेकर घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है। हाल ही में बुकिंग में आई तकनीकी दिक्कतों के कारण लोगों में भ्रम की स्थिति बनी हुई थी, जिसके चलते उपभोक्ता अनावश्यक रूप से एजेंसी पहुंच रहे थे। इससे न केवल भीड़ बढ़ रही थी, बल्कि निर्धारित स्थानों पर गैस की डिलीवरी भी प्रभावित हो रही थी।
राजेंद्र सिंह ने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे बेवजह एजेंसी के चक्कर न लगाएं और अपनी बुकिंग के लिए डिजिटल माध्यम का उपयोग करें। उन्होंने बताया कि ‘इंडियनऑयल वन’ ऐप के जरिए गैस बुकिंग की प्रक्रिया को सरल और तेज बनाया गया है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और सभी उपभोक्ताओं को समय पर आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। ऐसे में होटल और ढाबा संचालकों के लिए यह राहत भरी खबर है, जिससे उनका कामकाज अब बिना किसी बाधा के जारी रह सकेगा।