भारतीय जनता पार्टी सोलन शहरी मंडल ने केंद्र सरकार द्वारा पेट्रोल और डीजल की कीमतों में की गई कटौती का स्वागत करते हुए प्रधानमंत्री का आभार जताया है। भाजपा नेता शैलेंद्र गुप्ता ने कहा कि वैश्विक स्तर पर तेल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी के बावजूद केंद्र सरकार ने दामों में कमी कर आम जनता को राहत देने का प्रयास किया है।
उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम ऊंचे स्तर पर बने हुए हैं, ऐसे में केंद्र द्वारा प्रति लीटर एक रुपये की कटौती आम लोगों के लिए राहत भरा कदम है। गुप्ता ने यह भी कहा कि इस निर्णय से पेट्रोलियम कंपनियों को भी राहत मिलेगी, जो पिछले समय से आर्थिक दबाव झेल रही थीं।
वहीं, उन्होंने हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने पेट्रोल-डीजल पर सेस लगाकर कीमतों में वृद्धि कर दी है। उन्होंने इसे जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बताते हुए कांग्रेस पर “दोहरे चरित्र” का आरोप लगाया। गुप्ता के अनुसार, एक ओर केंद्र सरकार राहत देने का प्रयास कर रही है, जबकि दूसरी ओर राज्य सरकार टैक्स बढ़ाकर लोगों पर दबाव बना रही है।
उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की कि वह वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों को समझते हुए पेट्रोल-डीजल पर लगाए गए अतिरिक्त करों पर पुनर्विचार करे और आम जनता को राहत प्रदान करे।
सोलन: पेट्रोल-डीजल पर केंद्र की कटौती का भाजपा ने किया स्वागत, राज्य सरकार पर बोझ बढ़ाने को लेकर सवाल खड़े किये