सोलन: एडीसी राहुल जैन ने विकास कार्यों की समीक्षा की, 31 मार्च तक योजनाएं पूरी करने के निर्देश

एडीसी सोलन राहुल जैन ने आज जिला के विभिन्न विकास खंडों की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में फील्ड में तैनात अधिकारियों के अलावा जेई, एसईबीपीओ  और एसओ  ने भाग लिया। इस दौरान राज्य व केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक में एडीसी राहुल जैन ने कहा कि जिन योजनाओं में कमियां पाई गई हैं, उन्हें संबंधित अधिकारी समयबद्ध तरीके से दूर करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। एडीसी ने बताया कि अधिकांश सरकारी योजनाओं में वित्तीय प्रगति दर्शाने के लिए 31 मार्च की समय सीमा निर्धारित होती है, इसलिए जिन योजनाओं में कार्य या वित्तीय प्रगति लंबित है, उन्हें इस तिथि तक हर हाल में पूरा किया जाए, ताकि आगामी वित्त वर्ष के लिए फंड समय पर प्राप्त हो सके।एडीसी राहुल जैन ने कहा कि समीक्षा के दौरान 15वें वित्त आयोग से संबंधित योजनाओं में पेंडेंसी सामने आई। इस पर एडीसी ने बताया कि कई स्थानों पर योजनाएं जमीनी स्तर पर पूरी हो चुकी हैं, लेकिन पोर्टल से जुड़ी तकनीकी दिक्कतों के कारण वित्तीय प्रगति अपडेट नहीं हो पा रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पोर्टल संबंधी समस्याओं का शीघ्र समाधान कर सभी जानकारियां अपडेट की जाएं।  बैठक में चुनावों से जुड़े निर्देशों पर भी चर्चा की गई, जिसमें बीडीओ को प्रशासक नियुक्त किए जाने सहित योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही दिक्कतों के समाधान पर विचार किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *