लोक निर्माण विभाग सोलन के सहायक अभियंता इंजीनियर सुरेंद्र शर्मा ने क्षेत्र में चल रहे सड़क बहाली और रखरखाव कार्यों को लेकर जानकारी साझा की है। उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा लगभग 80 प्रतिशत कार्य पूरा किया जा चुका है और अब केवल 15 से 20 प्रतिशत कार्य शेष है, जिसे तेजी से अंतिम रूप दिया जा रहा है। विशेष रूप से राजगढ़ बाईपास पर हुए भारी नुकसान के बाद इसकी बहाली को प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने राहत देते हुए कहा कि वर्तमान में इस मार्ग पर यातायात सुचारू रूप से संचालित हो रहा है।इंजीनियर शर्मा ने बताया कि पीडीएनए के तहत अब तक करीब ढाई से तीन करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। वहीं एनुअल मेंटेनेंस प्लान के अंतर्गत करोड़ों रुपये के नए कार्यों को मंजूरी मिल चुकी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कम तापमान के कारण अभी पैच वर्क और टारिंग संभव नहीं है, क्योंकि इसके लिए निर्धारित तापमान आवश्यक होता है। मार्च के अंत तक मौसम में सुधार होते ही पैच वर्क और टारिंग का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।