सोलन– सुबाथू मार्ग की लंबे समय से खराब हालत को लेकर भारतीय जनता पार्टी सोलन शहरी मंडल ने 23 फरवरी को दोहरी दीवाल में सांकेतिक धरना देने की घोषणा की है। इस संबंध में पूरी जानकारी भाजपा शहरी मंडल अध्यक्ष शैलेन्द्र गुप्ता ने दी।उन्होंने बताया कि यह सड़क केवल सोलन तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रदेश के आठ जिलों को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। यह मार्ग कसौली, अर्की और दून जैसे क्षेत्रों को भी जोड़ता है, जहां से हजारों लोग प्रतिदिन आवागमन करते हैं। इसके बावजूद सड़क की स्थिति वर्षों से दयनीय बनी हुई है। जगह-जगह गड्ढे, उड़ती धूल और दुर्घटनाओं का खतरा आम बात हो गई है, लेकिन सरकार की ओर से अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया।शैलेन्द्र गुप्ता ने स्थानीय मंत्री धनीराम शांडिल पर विकास कार्यों में विफल रहने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि संबंधित क्षेत्रों के कांग्रेस विधायक भी इस गंभीर जनसमस्या पर मौन हैं, जिससे आम जनता में निराशा और आक्रोश बढ़ रहा है।उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि शीघ्र सड़क सुधार कार्य शुरू नहीं किए गए, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। भाजपा सोलन शहरी मंडल ने सरकार के उदासीन रवैये की कड़ी निंदा करते हुए जनता की समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प दोहराया है।