सोलन मंडी में मटर की कीमतों में गिरावट: पड़ोसी राज्यों से भारी आवक और मौसम की मार ने बढ़ाई किसानों की चिंता

सोलन सब्जी मंडी में इन दिनों मटर की कीमतों में गिरावट देखने को मिल रही है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। सोलन सब्जी मंडी के चेयरमैन रोशन ठाकुर के अनुसार इस वर्ष मटर का सीजन फरवरी के अंत में ही समय से पहले शुरू हो गया, लेकिन किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है। वर्तमान में मंडी में मटर का भाव लगभग ₹25 से ₹30 प्रति किलो के बीच चल रहा है, जिसे किसान काफी कम मान रहे हैं। उन्होंने बताया कि कीमतों में गिरावट का मुख्य कारण पड़ोसी राज्यों से मटर की भारी आवक है। इसके अलावा इस बार कम बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाओं के कारण भी फसलों को नुकसान हुआ है, जिससे किसानों को दोहरी मार झेलनी पड़ रही है। आमतौर पर सोलन का मटर मुंबई और बेंगलुरु जैसी बड़ी मंडियों में अच्छी मांग में रहता था, लेकिन इस बार वहां स्थानीय स्तर पर मटर उपलब्ध होने के कारण सोलन के मटर की बाहरी मांग में भी कमी आई है।रोशन ठाकुर ने बताया कि आंकड़ों के अनुसार अब तक सोलन मंडी में 31,233 क्विंटल मटर पहुंच चुका है। हालांकि वर्तमान में बाहरी मंडियों में सोलन का मटर कम मात्रा में जा रहा है, लेकिन उन्हें उम्मीद है कि आने वाले 4 से 5 दिनों में स्थिति सुधर सकती है। उनका कहना है कि जैसे ही निचले क्षेत्रों की मटर की फसल कम होगी, बाजार में सोलन के मटर की मांग बढ़ेगी और कीमतों में उछाल आने की संभावना है। फिलहाल उपलब्ध मटर को आसपास की उन मंडियों में भेजा जा रहा है जहां इसकी मांग बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *