बागा (सोलन), 3 मई 2025: थाना बागा पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए कंधार गांव में अफीम की अवैध खेती का खुलासा किया है। मामले में पुलिस ने आरोपी अवतार सिंह (उम्र 50 वर्ष), पुत्र श्री गंदर्भ सिंह, निवासी गांव कंधार, तहसील अर्की, जिला सोलन को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 02 मई 2025 को थाना बागा की पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त एवं अपराधों की रोकथाम के लिए निकली थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि अवतार सिंह ने अपने घर के सामने स्थित मलकीयती भूमि पर अवैध रूप से अफीम की खेती कर रखी है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने आरोपी के खेत में दबिश दी और वहां से 381 अफीम के पौधे बरामद किए।
इस पर थाना बागा में FIR नंबर 11/2025, दिनांक 02-05-2025 को धारा 18 ND&PS एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद आरोपी को उसी दिन गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी को आज दिनांक 03 मई 2025 को माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि आरोपी अवतार सिंह के विरुद्ध पहले से थाना दादलाघाट में मारपीट का एक मामला दर्ज है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस अवैध खेती के पीछे कोई गिरोह तो नहीं है।
पुलिस की सतर्कता से एक बड़ा अपराध पकड़ा गया है, जिससे क्षेत्र में नशे के खिलाफ चल रही मुहिम को बल मिला है।