हिमाचल के सपूत अरविंद सिंह राजपूत को मिला ‘आइकॉन्स ऑफ़ इंडिया–बॉलीवुड’ सम्मान, युवाओं के लिए बने प्रेरणा
हिमाचल प्रदेश के प्रतिभाशाली पार्श्व गायक अरविंद सिंह राजपूत ने अपनी मेहनत और लगन से एक और बड़ी उपलब्धि हासिल कर प्रदेश का नाम रोशन किया है। अरविंद को ‘आइकॉन्स ऑफ़ इंडिया–बॉलीवुड अवार्ड्स’ से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उन्हें हिंदी फिल्म गीत “रूठी रूठी ज़िंदगी” के लिए बॉलीवुड की नवोदित आवाज़ के रूप में प्रदान किया गया। माया नगरी मुंबई में यह प्रतिष्ठित अवार्ड दुनिया की सबसे बड़ी म्यूजिक कंपनी टी-सीरीज़ की मालकिन व अभिनेत्री दिव्या खोसला ने उन्हें प्रदान किया।
इस अवसर पर अरविंद सिंह राजपूत ने यह सम्मान अपने प्रशंसकों और समस्त हिमाचल वासियों को समर्पित करते हुए कहा कि उनके प्यार और आशीर्वाद से ही यह मुकाम हासिल हो पाया है। उल्लेखनीय है कि अरविंद ने अपने गायन करियर की शुरुआत स्टार प्लस के लोकप्रिय रियलिटी शो वॉइस ऑफ़ इंडिया से की थी और बाद में सुरों का एकलव्य जैसे शो के विजेता बने। आज वे बॉलीवुड में पार्श्व गायक के रूप में अपनी पहचान बना चुके हैं। उनका सफर साबित करता है कि प्रतिभा और संघर्ष से अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुँचा जा सकता है।