सोलन में स्वास्थ्य स्थिति सामान्य, गंभीर संक्रमण का कोई मामला नहीं: D.H.O अमित रंजन तलवार

क्षेत्रीय अस्पताल सोलन सहित पूरे जिले में किसी भी गंभीर या संक्रामक बीमारी के मामलों में वृद्धि की खबरों को जिला स्वास्थ्य अधिकारी (डीएचओ) अमित रंजन तलवार ने सिरे से खारिज किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में स्वास्थ्य स्थिति पूरी तरह सामान्य और नियंत्रण में है।
डीएचओ के अनुसार, पिछले दो सप्ताह के स्वास्थ्य आंकड़ों का विस्तृत विश्लेषण किया गया है, जिसमें मरीजों की संख्या सामान्य पाई गई है। उन्होंने बताया कि मौसम में बदलाव के चलते अस्पताल में खांसी, जुकाम और हल्के बुखार जैसे सामान्य लक्षणों वाले मरीज ही उपचार के लिए पहुंच रहे हैं, जो इस समय के अनुसार स्वाभाविक है।
अमित रंजन तलवार ने कहा कि जिले में इन सामान्य बीमारियों के मामलों में भी किसी प्रकार की असामान्य या उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज नहीं की गई है। इसके अलावा डायरिया और पेचिश जैसी बीमारियों के मामलों की संख्या भी नियंत्रण में है और इनमें भी किसी तरह का उछाल नहीं देखा गया है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और सामान्य सावधानियां बरतते रहें। स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क है और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। प्रशासन के अनुसार, अस्पतालों में उपचार की सुविधा सुचारू रूप से जारी है और मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *