सोलन में मिशन मोड पर डॉग स्टेरलाइजेशन अभियान, 426 कुत्तों की नसबंदी

सोलन शहर में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या पर नियंत्रण पाने के उद्देश्य से पशुपालन विभाग और नगर निगम द्वारा संयुक्त रूप से चलाया जा रहा डॉग स्टेरलाइजेशन (नसबंदी) कार्यक्रम अब मिशन मोड में पहुंच गया है। इस अभियान के तहत नगर निगम के एबीसी सेंटर में अब तक 426 कुत्तों की सफल नसबंदी की जा चुकी है, जिससे शहर में आवारा कुत्तों की संख्या को नियंत्रित करने की दिशा में सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं।
पशुपालन विभाग के उप-निदेशक डॉ. विवेक लांबा ने बताया कि विभाग इस अभियान को पूरी गंभीरता और व्यवस्थित योजना के तहत संचालित कर रहा है। उन्होंने जानकारी दी कि प्रतिदिन निर्धारित लक्ष्य के अनुसार कुत्तों की नसबंदी की जा रही है और हाल ही में भी एक ही दिन में लगभग 20 कुत्तों का सफल ऑपरेशन किया गया।
शहर में आवारा कुत्तों की अनुमानित संख्या 1000 से 1500 के बीच आंकी गई है, जिसे देखते हुए विभाग ने अभियान को लगातार जारी रखने का निर्णय लिया है। इसके लिए पर्याप्त संसाधन भी उपलब्ध कराए गए हैं। विभाग के पास लगभग 1000 कुत्तों की नसबंदी के लिए आवश्यक दवाइयां और सर्जिकल सामग्री मौजूद है, जिससे अभियान में किसी प्रकार की बाधा नहीं आएगी।
यह कार्यक्रम केवल सोलन शहर तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे जिले में प्रभावी रूप से लागू किया जा रहा है। विभागीय आंकड़ों के अनुसार, जिलेभर में अब तक लगभग 1000 कुत्तों की नसबंदी की जा चुकी है। संबंधित अधिकारियों का कहना है कि जब तक निर्धारित लक्ष्य हासिल नहीं हो जाता, तब तक यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *