सोलन में ईवी चार्जिंग स्टेशन पर पार्षद की सराहना, लेकिन ढांचे को मजबूत करने की उठाई मांग

सोलन: शहर में इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए डीसी कार्यालय और आरटीओ कार्यालय के समीप नया ईवी चार्जिंग स्टेशन शुरू किया गया है। इस पहल का स्वागत करते हुए वार्ड नंबर 5 के पार्षद अमरदीप पांजा ने सरकार की सराहना की, लेकिन साथ ही बुनियादी ढांचे को और मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया।पार्षद ने कहा कि यदि सरकार वास्तव में इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देना चाहती है, तो चार्जिंग स्टेशनों की संख्या में भी उसी अनुपात में वृद्धि करनी होगी। उनका मानना है कि केवल एक-दो स्टेशनों से काम नहीं चलेगा, बल्कि पूरे शहर में व्यापक नेटवर्क तैयार करना जरूरी है, ताकि लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
अमरदीप पांजा ने सुझाव दिया कि आम जनता की सुविधा के लिए हर 4 से 10 किलोमीटर के अंतराल पर चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जाने चाहिए। उन्होंने बताया कि वर्तमान में पर्याप्त सार्वजनिक सुविधाएं न होने के कारण कई लोगों को अपने घरों में ही चार्जिंग की व्यवस्था करनी पड़ रही है।उन्होंने यह भी कहा कि बड़ी संख्या में लोग इलेक्ट्रिक वाहन खरीदना चाहते हैं, लेकिन चार्जिंग स्टेशनों की कमी उन्हें रोक रही है। ऐसे में यदि सरकार इस दिशा में तेजी से काम करती है, तो न केवल पर्यावरण को लाभ मिलेगा, बल्कि शहर में ईवी अपनाने की रफ्तार भी बढ़ेगी।अंत में पार्षद ने सरकार से अपील की कि इलेक्ट्रिक क्रांति को सफल बनाने के लिए चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर को प्राथमिकता दी जाए, ताकि सोलन भी इस बदलाव में अग्रणी भूमिका निभा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *