कुनिहार में पुतला दहन को लेकर बवाल, पुलिस और कार्यकर्ताओं में तीखी नोकझोंक

कुनिहार क्षेत्र में राष्ट्रीय देवभूमि पार्टी द्वारा 68 विधायकों के धोखे के विरोध में पुतला दहन कार्यक्रम का आयोजन किया गया, लेकिन इस दौरान माहौल गर्मा गया। क्षेत्र में सुबह से ही भारी पुलिस बल तैनात था। जैसे ही कार्यकर्ताओं ने पुतले को जलाने के लिए पेट्रोल डाला, एक पुलिसकर्मी ने बोतल छीनने की कोशिश की। इस दौरान हुई छीनाझपटी में तेल की कुछ बूंदें एक पुलिसकर्मी की आंख में गिर गईं।

स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने पुतला कब्जे में लेने के लिए कड़ी मशक्कत की और अंततः संयोजक रुमित सिंह ठाकुर को पुतले से अलग कर उसे अपने साथ ले गई। रुमित सिंह ठाकुर पुतला जलाने पर अड़े रहे और प्रदेश कांग्रेस सरकार एवं भाजपा पर आवाज दबाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार जब-जब डरती है तो पुलिस बल को आगे कर देती है और लोकतांत्रिक विरोध को दबाने का प्रयास करती है। घटना के बाद क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल रहा।