सोलन: जौणाजी रोड निर्माण में प्रगति के साथ चुनौतियाँ भी बरकरार: संजीव मोहन

भारतीय जनता पार्टी के जिला मीडिया प्रभारी संजीव मोहन ने जौणाजी रोड निर्माण कार्य की प्रगति और उससे जुड़ी समस्याओं पर विस्तृत जानकारी साझा की है। उन्होंने बताया कि इस सड़क परियोजना की शुरुआत पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के कार्यकाल में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत की गई थी।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में सड़क निर्माण कार्य अच्छी गति से जारी है और चौड़ीकरण का अधिकांश कार्य पूरा हो चुका है। हालांकि, शहरी क्षेत्र में निर्माण के चलते स्थानीय लोगों को कुछ असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है। अतिक्रमण हटाने और निर्माण के दौरान कई स्थानों पर लोगों के थड़े टूटने से नुकसान हुआ है।
संजीव मोहन ने विभागों के बीच समन्वय की कमी को भी प्रमुख समस्या बताया। उन्होंने कहा कि खुदाई और बारिश के कारण जल आपूर्ति की पाइपें कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गई हैं, जिससे लोगों को दिक्कतें झेलनी पड़ीं। सिंचाई विभाग की पाइपों में भी जगह-जगह लीकेज की समस्या सामने आई है, जबकि बिजली के खंभों और तारों को शिफ्ट करने में हो रही देरी के कारण कार्य प्रभावित हो रहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने के बाद उनकी मरम्मत में अपेक्षित तेजी नहीं दिखाई गई, जो चिंता का विषय है। अंत में उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के साथ कुछ अस्थायी परेशानियाँ स्वाभाविक हैं, लेकिन परियोजना पूर्ण होने के बाद क्षेत्र के लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *