12 फरवरी को सोलन में ऑटो का चक्का जाम, भारत बंद के समर्थन में उतरेगा ऑटो यूनियन

सोलन में 12 फरवरी को ट्रेड यूनियनों द्वारा आहूत देशव्यापी ‘भारत बंद’ का असर साफ दिखाई देगा। सोलन ऑटो यूनियन के प्रधान धर्मपाल ठाकुर ने बताया कि बंद के समर्थन में शहर में सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक ऑटो सेवाएं पूरी तरह ठप रहेंगी। उन्होंने कहा कि यह कदम मजदूर हितों की अनदेखी और अवैध रूप से चल रहे कमर्शियल वाहनों के विरोध में उठाया जा रहा है। यूनियन ने निजी और एग्री वाहनों द्वारा बिना टैक्स कमर्शियल गतिविधियां करने पर कड़ा ऐतराज जताते हुए सरकार से इनके खिलाफ सख्त नीति बनाने और तुरंत कार्रवाई की मांग की है, अन्यथा आंदोलन तेज किया जाएगा।
ऑटो यूनियन ने केंद्र सरकार द्वारा लागू किए जा रहे नए श्रम कानूनों का भी विरोध किया है। धर्मपाल ठाकुर का कहना है कि 42 पुराने श्रम कानूनों को समेटकर 29 कानून बनाए जाने से ट्रेड यूनियन एक्ट कमजोर हुआ है और यूनियन पंजीकरण के लिए 75 प्रतिशत सहमति जैसी शर्तें मजदूर संगठनों की आवाज दबाने का प्रयास हैं। भारत बंद के दौरान सोलन में एक विशाल रैली भी निकाली जाएगी, जो सुबह 11 बजे सैनिक रेस्ट हाउस से शुरू होकर पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस होते हुए बाईपास तक पहुंचेगी, जहां सभा का आयोजन होगा। इस हड़ताल में ऑटो यूनियन के साथ बैंक व अन्य ट्रेड यूनियनें भी शामिल रहेंगी। यूनियन ने इसे सांकेतिक धरना बताते हुए कहा कि आगे की रणनीति वरिष्ठ पदाधिकारियों की मौजूदगी में तय की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *